रांची
झारखंड पुलिस ने भाकपा (माओवादी) के प्रस्तावित प्रतिरोध सप्ताह और बंदी को लेकर पूरे राज्य में सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान)-सह-पुलिस प्रवक्ता ने पुलिस मुख्यालय सभागार में मीडिया को बताया कि माओवादियों ने 8 से 14 अक्टूबर तक बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और असम में प्रतिरोध सप्ताह और 15 अक्टूबर को एकदिवसीय बंदी की घोषणा की है। इस दौरान राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताई गई है। आईजी ने कहा कि आसूचना तंत्र को मजबूत किया गया है और सभी संवेदनशील स्थानों, सरकारी कार्यालयों, रेल और सड़क मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने रोजमर्रा के कार्य करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि किसी को कोई समस्या या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। झारखंड पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए वह हर समय तत्पर है।
